नालंदा में बस कंडक्टर की बेरहमी से पिटाई:10 रुपए के विवाद में बीच सड़क पर घसीटा, ड्राइवर को भी पीटा; CCTV में बदमाशों की तस्वीर कैद




नालंदा जिले में बेखौफ बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। 10 रुपए के विवाद में जय बाबा गोविंद बस के कंडक्टर और ड्राइवर को बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं बस से घसीटकर बाहर निकालकर भी मारा। गंभीर हालत में दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में एडमिट कराया गया है। मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। बिहार शरीफ से सरमेरा तक चलती है बस बस मालिक ईशांक राज ने बताया कि उनकी बस बिहार शरीफ के रामचंद्रपुर बस स्टैंड से सरमेरा के लिए चलती है। बुधवार की शाम बस अपनी आखिरी ट्रिप पर जा रही थी। भागन बीघा ओपी क्षेत्र के मोड़ा पिचासा मोड़ के पास एक युवक ने बस को रुकने का इशारा किया। युवक को अस्थवां थाना क्षेत्र के मालती मुस्तफापुर गांव जाना था। कंडक्टर अरविंद कुमार ने 20 रुपए किराया मांगा। हालांकि वास्तविक किराया 30 रुपए था, फिर भी युवक महज 10 रुपए देने पर अड़ गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। किराया कम देने के कारण कंडक्टर ने उसे बस पर सवार नहीं किया। इससे आक्रोशित होकर युवक ने अंजाम भुगतने की धमकी दी और तुरंत किसी को फोन कर दिया। सोने का लॉकेट और चेन भी छीना ईशांक राज ने आगे कहा कि बस मालती मुस्तफापुर पहुंची, वहां पहले से ही हथियारों और लाठी-डंडों से लैस युवकों ने घेर लिया। बस के रुकते ही बदमाश अंदर दाखिल हो गए और कंडक्टर अरविंद कुमार पर टूट पड़े।उसे बेरहमी से पीटते हुए बस से बाहर खींच लिया और बीच सड़क पर भी मारपीट जारी रखी। इस दौरान चालक ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो उसे भी बुरी तरह जख्मी कर दिया गया। मारपीट के दौरान बदमाशों ने दिनभर का करीब 20 से 25 हजार रुपए का कलेक्शन लूट लिया। साथ ही ड्राइवर के गले से बजरंगबली का लॉकेट और कंडक्टर के गले से सोने की चेन भी झपट ली। सहमे दिखे यात्री वारदात के वक्त बस में सवार यात्री बुरी तरह सहम गए और खुद को बचाने के लिए सीटों के पीछे छिपते दिखे। पूरी घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें हमलावरों की बर्बरता साफ तौर पर दिखाई दे रही है। पुलिस को जानकारी नहीं वहीं, इस संबंध में जब अस्थवां थानाध्यक्ष उत्तम कुमार से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस की इस अनभिज्ञता ने स्थानीय परिवहन कर्मियों और बस संचालकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *