नालंदा जिला पुलिस ने साइबर बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग छापेमारी में तीन शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो होटल बुकिंग और अल्ट्राटेक सीमेंट के नाम पर आम लोगों से ठगी कर रहे थे। साइबर पुलिस पोर्टल से हासिल संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच के बाद मानपुर थाना क्षेत्र के पलनी खंधा से बलराम कुमार को गिरफ्तार किया गया, जो व्हाट्सएप के माध्यम से होटल में कमरा बुक करने के नाम पर लोगों को झांसा देता था। अल्ट्राटेक सीमेंट और होटल बुकिंग के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे थे एक अन्य कार्रवाई में बिहार थाना क्षेत्र के मनीराम अखाड़ा स्थित एक किराए के मकान से सचिन कुमार और सोनू कुमार को दबोचा गया, जो अल्ट्राटेक सीमेंट और होटल बुकिंग के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे थे। साइबर डीएसपी राघवेंद्र मनी त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस की इस कार्रवाई में बदमाशों के पास से कुल 12 स्मार्ट मोबाइल फोन और दो एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए बलराम कुमार और सचिन व सोनू के खिलाफ नालन्दा साइबर थाना में कांड दर्ज किया गया है। इन सभी बदमाशों को कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस सफल छापेमारी टीम में इंस्पेक्टर कुमारी उषा सिन्हा, धर्मेंद्र कुमार और दारोगा शैलेश कुमार झा सहित जिला आसूचना इकाई के सदस्य शामिल थे। अनजान कॉल या संदेश पर भरोसा नहीं करने की अपील पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल या संदेश पर भरोसा न करें और किसी भी सूचना का पहले सत्यापन जरूर करें।
Source link