भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को पन्ना नगर मंडल में दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ का शुभारंभ किया। संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के वैचारिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन खजुराहो सांसद एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त (बीडी) शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बीडी. शर्मा ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का उत्थान (अंत्योदय) है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रही जनहितैषी योजनाओं का उल्लेख किया। शर्मा ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई लाड़ली बहना योजना को मोहन सरकार निरंतर आगे बढ़ा रही है, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। इसके अतिरिक्त, लखपति दीदी और कन्यादान ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसी योजनाओं से महिलाओं को स्वरोजगार और सम्मान मिल रहा है। उन्होंने नदी जोड़ो अभियान के तहत किसानों की समृद्धि के लिए अटल जी के सपने को साकार करने और सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की बात भी कही। जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा ने ‘बूथ सशक्तिकरण’ पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने की असली शक्ति बूथ केंद्रों में निहित है। मिश्रा ने बिहार और दिल्ली के चुनावों का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे कार्यकर्ताओं के परिश्रम से विपरीत परिस्थितियों में भी भाजपा का परचम लहराया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण लेकर अपने-अपने बूथ पर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। पूर्व जिला अध्यक्ष सतानंद गौतम ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे कार्यकर्ताओं में सामाजिक समरसता का भाव जागृत होता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुरुषोत्तम साहू ने की। प्रशिक्षण शिविर में भाजपा की रीति-नीति, एकात्म मानववाद और संगठन के सेवा कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री शशांक वर्मा एवं रवि पांडे ने किया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, नगर पदाधिकारी, बूथ समिति अध्यक्ष और महामंत्री सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Source link