पहलगाम हमले की बरसी पर कांग्रेस का कैंडल मार्च:शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कांग्रेसी बोले–पहलगाम की घटना दुखद और पीड़ादायक




जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले की प्रथम बरसी पर महानगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर शहीदों को याद किया। कमला नेहरू भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। सभी ने हाथों में पोस्टर और कैंडल लेकर शांति मार्च भी निकाला और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक रहा और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का संदेश दिया। सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि पहलगाम की घटना देश के लिए बेहद दुखद और पीड़ादायक थी। इस हमले में निर्दोष लोगों की जान जाना मानवता पर सीधा आघात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा शहीदों और उनके परिजनों के साथ खड़ी है और ऐसे कायराना कृत्यों की कड़ी निंदा करती है। पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरे देश को एकजुट होकर लड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता और इस तरह के आयोजन हमें उनके बलिदान की याद दिलाते हुए देशहित में एकजुट रहने की प्रेरणा देते हैं। इस मौके पर सेवादल जिला अध्यक्ष फ्लावर नकवी, कविंद्र साहनी, पंकज सिंह, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, डॉ. विनोद गुप्ता, अशोक कुमार राय, राष्ट्रीय छात्र संगठन महानगर अध्यक्ष जय प्रताप गुप्ता, विवेक शर्मा, वीरेंद्र सैनी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *