मोतिहारी में शनिवार की देर रात पिकअप वाहन और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सुगौली थाना क्षेत्र के छपवा–रक्सौल मुख्य मार्ग पर सिकरहना पुल के पास हुई। पुलिस के अनुसार, रक्सौल की ओर से आ रही अपाची बाइक पर तीन युवक सवार थे। सामने से आ रही एक पिकअप वाहन से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मृतकों की पहचान पश्चिमी चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र के गिद्दा निवासी रवि तिवारी और रंजीत तिवारी के रूप में हुई है। घायल युवक संदीप कुमार हैं, जो देवलाल सहनी के पुत्र हैं। दुर्घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उन्होंने घायल युवक को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने संदीप की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया। वाहन छोड़कर पिकअप चालक फरार हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सुगौली थाना पुलिस सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है। फरार चालक की तलाश जारी है। सुगौली थानाध्यक्ष अनिश कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। घायल युवक का इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार पिकअप चालक को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
Source link