फतुहा-इस्लामपुर रेलखंड शनिवार रात रेल हादसा होते-होते बच गया। नियाजीपुर गांव के पास एक पिकअप चालक ने लापरवाही बरती। इस कारण 18623 अप इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि पिकअप में सवार लोग बाल-बाल बच गए, हालांकि वे फरार हो गए। घटना दानापुर रेल मंडल की है। प्रत्यक्षदर्शी धर्मेंद्र कुमार और चंदन कुमार के अनुसार, शनिवार रात 8:20 बजे जब इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस फतुहा स्टेशन पहुंचने वाली थी, तभी नियाजीपुर के पास एक पिकअप (पार्सल वैन) बंद रेल गुमटी को जबरन पार करने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान ट्रेन आ गई और टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन वैन को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। इस क्रम में वैन रेल किनारे लगे एक बिजली के पोल से टकराई और उसी में फंस गई। हादसे में वैन के परखच्चे उड़ गए। इस्लामपुर से 7:19 बजे खुली ट्रेन लगभग दो घंटे तक घटनास्थल पर ही खड़ी रही। देखें कुछ तस्वीरें… 10 बजे के बाद परिचालन हुआ ट्रेन को तुरंत रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही फतुहा आरपीएफ इंस्पेक्टर विनोद कुमार विश्वकर्मा, रेल थाना अध्यक्ष राजेश कुमार और फतुहा थाने की पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने उग्र और डरे हुए लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को संभाला। बताया गया कि आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने बिजली के पोल में फंसी वैन को हटवाकर स्थिति सामान्य कराई, जिसके बाद लगभग 10:15 बजे परिचालन शुरू हो सका। पुलिस फरार चालक को तलाश कर रही है।
Source link