मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति द्वारा अपनी नाबालिग बेटियों के साथ गंभीर अपराध का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पिता को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। घटना 1 अप्रैल की रात की है। डायल 112 के माध्यम से छपार पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी 17 और 8 वर्ष की नाबालिग बेटियों के साथ गंभीर अपराध किया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित बच्चियों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। गुरुवार देर रात बढ़ेड़ी रजवाहे के पास पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेहड़ा सादात निवासी सोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है। वह पहले भी नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सीओ सदर डॉ. रवि शंकर ने बताया कि आरोपी सोनू बेहड़ा सादात का रहने वाला है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link