रतलाम शहर के व्यस्ततम दो बत्ती चौपाटी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे उस वक्त लोग अचरज में पड़ गए, जब पुलिस की एक टीम टेंट के नीचे पूरे साजो-सामान के साथ बैंड बजाती नजर आई। तेज धूप और भरी दोपहरी में देशभक्ति गीतों की धुन सुनकर राहगीरों के कदम ठहर गए और लोग इस अनोखे दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने लगे। यह प्रस्तुति प्रथम वाहिनी एसएएफ (SAF) इंदौर की बैंड टीम द्वारा दी गई। मौके पर रक्षित निरीक्षक (RI) मोहन भर्रावत सहित अन्य पुलिस अधिकारी और आमजन मौजूद थे। पुलिस की इस टीम ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति धुनें बजाकर माहौल को जोश से भर दिया। भर्ती का प्रचार-प्रसार है उद्देश्य
दरअसल, मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक (बैंड) के कुल 679 पदों पर भर्ती की जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया में प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा युवा शामिल हों, इसी उद्देश्य से पुलिस विभाग हर जिले में इस तरह के संगीतमय कार्यक्रमों के जरिए प्रचार-प्रसार कर रहा है। रतलाम में प्रस्तुति स्थल पर बैनर लगाकर भर्ती की पूरी जानकारी भी साझा की गई। भर्ती से जुड़ी खास बातें: युवाओं के पास सुनहरा मौका
आवेदन की तारीख: इच्छुक उम्मीदवार 5 अप्रैल से 19 अप्रैल 2026 तक ‘एमपी ऑनलाइन’ के माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं। शैक्षणिक योग्यता: सामान्य वर्ग के लिए 10वीं पास और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए न्यूनतम 8वीं पास होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया: भर्ती में बैंड वादन परीक्षा सबसे महत्वपूर्ण चरण होगा। इन वाद्ययंत्रों का ज्ञान जरूरी: पिकोलो, क्लैरिनेट, ट्रम्पेट, सैक्सोफोन, बिगुल, साइड ड्रम और बेस ड्रम जैसे वाद्ययंत्रों को बजाने में कुशल अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी।
Source link