कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग की टीम ने अवैध सागौन की लकड़ी और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त की गई लकड़ी और वाहन की कुल कीमत 10 लाख 45 हजार रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच अन्य अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, एक सफेद रंग की पिकअप में भारी मात्रा में अवैध सागौन की लकड़ी लादकर तस्कर पाली क्षेत्र से पिपरिया की ओर जा रहे थे। सूचना पर एक टीम गठित की गई और झीनापिपरिया मार्ग पर घेराबंदी की गई। कुछ ही देर में पिकअप आता दिखाई दिया। पुलिस के रोकने पर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस और वन विभाग की टीम ने पीछा जारी रखा, जिसके बाद वाहन को ग्राम पिपरिया में एक घर के अंदर खड़ा पाया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने पिकअप के पिछले हिस्से से सागौन की 10 नग कीमती सिल्लियां बरामद कीं। वन विभाग की गणना के अनुसार, यह लकड़ी करीब 0.434 घनमीटर है। जब्त की गई लकड़ी और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख 45 हजार रुपए है। फरार आरोपियों की तलाश जारी पुलिस ने मौके से घेराबंदी कर आरोपी संजय उर्फ संजू ठाकुर (निवासी पिपरिया) को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही वाहन में सवार अन्य 5 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए झाड़ियों के रास्ते फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। वन विभाग की टीम को सौंपी लकड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी और जब्त की गई लकड़ी को कार्रवाई के लिए वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। रेंज ऑफिस रामपुर में वन अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Source link