पूर्व कलेक्टर मंजू बोलीं- काम पूरे नहीं हुए, अफसोस रहेगा:श्रीगंगानगर के नए जिला कलेक्टर अमित यादव ने संभाला कार्यभार




श्रीगंगानगर के जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने गुरुवार शाम को पदभार ग्रहण कर लिया। 2016 बैच के राजस्थान कैडर के डॉ. अमित यादव एमबीबीएस डिग्री धारक भी हैं। इससे पहले वे सीकर, भरतपुर और नागौर में कलेक्टर रह चुके हैं। हाल ही में डॉ. यादव राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन राजस्थान के मिशन निदेशक के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान पूर्व कलेक्टर डॉ. मंजू ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ योजनाएं और कार्य ऐसे रहे जिन्हें पूरा नहीं किया जा सका, जिसका उन्हें अफसोस है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये अधूरे कार्य भविष्य में जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के साथ पूरे किए जाएंगे। पदभार संभालते ही डॉ. अमित यादव ने जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में उन्होंने कानून-व्यवस्था, विभिन्न विकास परियोजनाओं, सरकारी कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों से फीडबैक लेते हुए उन्होंने जिले की प्रगति और चुनौतियों पर चर्चा की। पदभार ग्रहण के बाद कलक्टर डॉ. अमित यादव ने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्थापना शाखा, लोक सेवाएं, राजस्व, सामान्य शाखा, न्याय शाखा, रिकॉर्ड रूम, डीओआईटी, रसद, सांख्यिकी और बहुउद्देश्यीय नियंत्रण कक्ष समेत परिसर में स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का अवलोकन किया। इससे पहले सुबह 11:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में पूर्व जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने अपने कार्यकाल के दौरान मीडिया के सहयोग को याद करते हुए आभार व्यक्त किया। विदाई से पूर्व उन्होंने मीडिया कर्मियों से मुलाकात कर एक नई परंपरा की शुरुआत की। डॉ. मंजू ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के समन्वय से ही जनहित के कार्य प्रभावी ढंग से पूरे हो पाते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान ब्लैकआउट जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जिले की जनता ने प्रशासन का भरपूर सहयोग किया, जो सराहनीय रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *