पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड मोहाली की ओर से घोषित किए गए 8वीं कक्षा के नतीजों में फरीदकोट जिले की दो छात्राओं तमन्ना और जशनदीप कौर ने क्रमवार पंजाब स्तर की मेरिट लिस्ट में पहला और तीसरा स्थान हासिल कर अपने अपने स्कूल, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। शनिवार को जैतो में पहला स्थान हासिल करने वाली तमन्ना के निवास स्थान पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। वहीं तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली जशनदीप कौर को स्कूल प्रबंधन द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
फरीदकोट की छात्राओं ने पाया मेरिट में स्थान बता दे कि घोषित परिणामों में जैतो के सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा तमन्ना ने 600 में से पूरे 600 अंक हासिल कर पंजाब भर में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं संत मोहन दास स्कूल कोटसुखिया की छात्रा जशनदीप कौर ने 600 में से 598 अंक लेकर राज्य में तीसरा स्थान हासिल किया।
विधायक ने दी बधाई जैतो से आम आदमी पार्टी विधायक अमोलक सिंह की ओर से उनके प्रतिनिधि और ट्रक यूनियन के प्रधान हरसिमरन सिंह मल्होत्रा के नेतृत्व में उनकी टीम ने तमन्ना के घर पहुंचकर उसे और उसके माता-पिता को बधाई दी। तमन्ना के पिता ईंट भट्ठे पर मुनीम का काम करते हैं और उनकी इच्छा है कि वे अपनी चारों बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाएं। छात्रा ने अधिकारी बनने की जताई इच्छा तमन्ना ने भी आगे पढ़-लिखकर बड़ा अधिकारी बनने की इच्छा जताई है। दूसरी ओर, गांव कोटसुखिया के संत मोहन दास स्कूल में आयोजित समारोह के दौरान स्कूल चेयरमैन राजकुमार थापर और डायरेक्टर संदीप थापर के नेतृत्व में जशनदीप कौर सहित मेरिट सूची में शामिल स्कूल के अन्य विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साधारण परिवार से है छात्राएं बता दें कि दोनों छात्राएं बेहद साधारण परिवार की है। इनमें से तम्मना के पिता नरिंदर कुमार ईंट भट्ठे पर मुनीम है जबकि जशनदीप के पिता हरप्रीत सिंह मार्बल लगाने का कार्य करते है। इस मौके पर बातचीत करते हुए मेधावी छात्राओं तमन्ना और जशनदीप कौर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और अध्यापकों को दिया। उन्होंने कहा कि वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज की सेवा करना चाहती हैं।
Source link