फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में हवालातियों से मोबाइल फोन बरामद होने का सिलसिला लगातार जारी है। जेल प्रशासन ने एक बार फिर विभिन्न बैरकों की तलाशी के दौरान दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना सिटी पुलिस को शिकायत भेजकर दो आरोपियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत केस दर्ज करवाया गया है। पुलिस को भेजी शिकायत में जेल के सहायक अधीक्षक भिवम तेज सिंगला ने बताया कि जेल अधीक्षक के निर्देशों पर शनिवार को जेल कर्मचारियों की टीम ने विभिन्न बैरकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जेल में बंद हवालाती मोगा निवासी लखविंदर सिंह और फाजिल्का निवासी बलराम सिंह से एक-एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। दोनों हवालातियों के खिलाफ थाना सिटी फरीदकोट में जेल एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बाहरी दीवार से थ्रो कर जेल में पहुंच रहे है मोबाइल फोन-जेल प्रशासन इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई गुरपाल सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि उनके पास जेल के अंदर मोबाइल फोन कैसे पहुंचे। जेल प्रशासन का दावा है कि मोबाइल फोन बाहरी दीवार के ऊपर से फेंककर अंदर पहुंचाए जा रहे हैं। हाल ही में पुलिस ने जेल की दीवार के पास से सामान फेंकने आए दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था, जिनसे मोबाइल फोन सहित अन्य प्रतिबंधित सामान बरामद हुआ था।
Source link