फरीदकोट के थाना सदर क्षेत्र के गांव काबुलवाला में 25 वर्षीय विवाहिता के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही रहने वाले उसके करीबी रिश्तेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका पति मजदूरी करता है और अकसर घर से बाहर रहता है। इस दौरान उसके पति के ताये का लड़का उनके घर में आता-जाता रहता था। पीड़िता के अनुसार, सितंबर 2025 के बाद आरोपी ने उसे डरा-धमकाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने शुरू कर दिए और पिछले करीब छह महीनों से उसका शोषण करता रहा। अब पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है-एसएचओ इस मामले में थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
Source link