फाजिल्का जिले के एसएसपी गुरमीत सिंह ने शुक्रवार को अबोहर शहर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ईआरवी) गाड़ियों का जायजा लिया और पुलिस टीमों को कड़े निर्देश दिए। पंजाब सरकार द्वारा लोगों की सुरक्षा के लिए फाजिल्का पुलिस को दर्जन भर ईआरवी गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं। एसएसपी ने रात करीब 10 बजे से 12 बजे तक अबोहर के आभा स्क्वायर में सभी थानों के प्रभारियों और पुलिस कर्मचारियों के साथ एक विशेष बैठक की। उन्होंने शहर में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए नाकों की जांच भी की। संवेदनशील स्थिति में सतर्क रहने का निर्देश
ईआरवी टीमों से मुलाकात के दौरान, एसएसपी ने उनकी कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया। उन्होंने ड्यूटी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। एसएसपी ने पुलिस टीमों को जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और हर संवेदनशील स्थिति में सतर्क रहने का निर्देश दिया। विदेश में पुलिस 6 मिनट में पहुंच सकती है, तो पंजाब में क्यों नहीं
एसएसपी गुरमीत सिंह ने कहा कि जब विदेश में पुलिस 6 मिनट में घटना स्थल पर पहुंच सकती है, तो पंजाब में भी ऐसा क्यों नहीं हो सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन गाड़ियों की शुरुआत इसीलिए की गई है, ताकि 112 पर कॉल आने के बाद 6 मिनट के भीतर मौके की लोकेशन ट्रेस की जा सके और पुलिस पहुंच सके। सुरक्षित वातावरण देना हमारी प्राथमिकता
एसएसपी गुरमीत सिंह ने यह भी दोहराया कि पुलिस की उपस्थिति से लोगों में विश्वास पैदा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर उनके साथ एसपी आसवंत सिंह, थाना प्रभारी मनिंदर सिंह, दविंदर सिंह, भूपेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी मौजूद थे।
Source link