बठिंडा के तलवंडी साबो में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 6 करोड़ रुपये की लागत से बनी नई एसडीएम बिल्डिंग का उद्घाटन किया। यह इमारत 46 साल पुरानी थी और पिछली सरकारों के दौरान इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मान ने पिछली सरकारों, विशेषकर अकाली दल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अकाली दल ने 15 साल राज किया। उन्होंने कितनी ईंटें लगाईं? हमने उन्हें बाहर कर दिया।” उन्होंने सुखबीर सिंह बादल के “मुझे एक ईंट दिखाओ” वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें यह नई इमारत दिखाई जानी चाहिए। सीएम मान बोले- मेरी सरकार सभी चीजों को धीरे धीरे नया बना रही मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पंजाब में कोई भी चीज़ खस्ताहाल स्थिति में नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जर्जर इमारतों, बसों और पुलिस वाहनों पर यह लिखा जाएगा कि वे पिछली सरकारों की देन हैं, जो उन्हें विरासत में मिली हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार धीरे-धीरे इन सभी चीज़ों को नया बना रही है। अन्य महत्वपूर्ण घोषणाओं में, मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के महिला आरक्षण बिल का स्वागत किया और बताया कि पंजाब विधानसभा में पहले से ही 11 महिला विधायक हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बेअदबी के मामलों को लेकर एक सख्त कानून लाया जाएगा, जिसमें किसी भी तरह की माफी या अन्य विकल्प नहीं होगा। मान ने बताया कि पंजाब के छह सीमावर्ती जिलों की घेराबंदी (फेंसिंग) करने की अनुमति दे दी गई है, जिससे किसानों को काफी फायदा होगा। उन्होंने 2017 में संसद में दिए अपने बयान को भी याद किया, जिसमें उन्होंने सभी तख्त साहिबों को रेलवे से जोड़ने की बात कही थी।
Source link