बठिंडा गोनियाना में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के बीच रविवार को सियासी घमासान देखने को मिला। गोनियाना मंडी के प्रभावित गांवों का दौरा करने पहुंचीं सांसद हरसिमरत कौर बादल और आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक मास्टर जगसीर सिंह के बीच मुआवजे को लेकर तीखी बहस हुई। सांसद हरसिमरत कौर बादल ने विधायक से तत्काल मुआवजे की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन किसानों का 100% नुकसान हुआ है, उन्हें 100% मुआवजा मिलना चाहिए। सांसद ने मुख्यमंत्री और विधायक से कम से कम 30,000 से 50,000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजे का तुरंत ऐलान करने की अपील की। विधायक द्वारा आश्वासन देने की कोशिश करने पर सांसद ने उन्हें टोकते हुए कहा, “ऐलान अभी कीजिए। अपने मुख्यमंत्री को फोन लगाओ, अगर उन्हें नहीं लगा सकते तो कम से कम डीसी को फोन लगाकर अभी घोषणा करवाओ।” विधायक बोले- सरकार किसानों के साथ इस पर पलटवार करते हुए विधायक मास्टर जगसीर सिंह ने कहा कि सरकार पूरी तरह किसानों के साथ है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल खोखले ऐलान करने वाले नहीं हैं, बल्कि मुआवजा देंगे। विधायक ने यह भी बताया कि इस बार गिरदावरी खेतों में खड़े होकर की जाएगी, न कि घरों में बैठकर। उन्होंने कहा कि वे कुदरत की मार के बीच राजनीति नहीं करना चाहते और सरकार उचित मुआवजा देगी। दोनों नेताओं की इस बहस के दौरान वहां मौजूद किसानों का धैर्य टूट गया। ग्रामीण सरकार की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट दिखे और उन्होंने जमकर नारेबाजी की।
Source link