बांका शहर के नेहरू कॉलोनी मोहल्ला में खड़ी चार बसों से लगभग 600 लीटर डीजल चोरी होने का मामला सामने आया है। बस मालिक ने सदर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबूटोला मोहल्ला निवासी बस मालिक राजीव लोचन सिंह की चारों बसें प्रतिदिन की तरह उनके घर के सामने खड़ी थीं। रोजाना शाम को ही चालक बसों में डीजल भरवा देते हैं, ताकि सुबह संचालन में कोई परेशानी न हो। घटना की देर शाम भी चारों बसों में लगभग 600 लीटर डीजल भरवाकर खड़ा किया गया था। बताया जा रहा है कि देर रात अज्ञात चोरों ने मौका पाकर चारों बसों के डीजल टैंक से तेल निकाल लिया।सुबह जब बस चालकों ने गाड़ियों की जांच की, तो टंकी से डीजल गायब मिला। इसके बाद चालकों ने तुरंत बस मालिक को इसकी जानकारी दी। घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बस मालिक ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जल्द पूरे मामले का खुलासा होगा सदर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद वाहन चालकों में चिंता का माहौल है। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले में जांच पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link