बांका में बस की चपेट में आया बच्चा, मौत:दुकान पर बिस्किट लेने गया था, ड्राइवर बस लेकर मौके से भागा




बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में अमरपुर-भागलपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक सड़क हादसे में सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। यह घटना कुलहरिया हाट के समीप हुई, जहां एक तेज रफ्तार स्टार बस ने बच्चे को टक्कर मार दी। बच्चा अपनी मां के साथ नानी के घर आया हुआ था। मृतक की पहचान मिर्जा चौकी निवासी 7 वर्षीय प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। प्रिंस अपनी मां कंचन देवी और पिता पंकज मलिक के साथ कुलहरिया गांव में अपने मामा की शादी में शामिल होने आया था। सोमवार को शादी का कार्यक्रम संपन्न हुआ था। पास की एक दुकान पर बिस्किट लेने गया था मंगलवार को प्रिंस कुमार पास की एक दुकान पर बिस्कुट लेने गया था। इसी दौरान अमरपुर-भागलपुर मुख्य मार्ग से गुजर रही एक तेज रफ्तार स्टार बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। बाद में बस को भागलपुर क्षेत्र में पकड़ लिया गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत इलाज के लिए भागलपुर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला मृतक के नाना अनिल मलिक ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही मां कंचन देवी सहित पूरे परिवार में शोक छा गया। थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *