बांका में शुक्रवार की शाम घर के बाहर टहलने के दौरान बाइक ने 65 वर्षीय वृद्ध को टक्कर मार दी। घटना कटोरिया थाना क्षेत्र में कटोरिया-बांका मुख्य मार्ग पर घोरमारा के पास हुआ। मृतक की पहचान घोरमारा निवासी स्वर्गीय इब्राइल अंसारी के बेटे मतीन अंसारी के रूप में हुई है। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार देर संध्या तक जाम की समस्या बनी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,बाइक सवार युवकों ने पहले वृद्ध को रास्ते से हटने की चेतावनी दी थी, लेकिन इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बाइक सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। ग्रामीणों की पिटाई से वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान ओढ़नी ओपी क्षेत्र के सिमराकुरा निवासी जीतन यादव के पुत्र राजेश यादव (25) और बिंडी निवासी बुद्धू यादव के बेटे सुभाष यादव (20) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने आक्रोश में सड़क किया जाम स्थानीय लोगों की मदद से घायल मतीन अंसारी को रेफरल अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सक डॉ. बिनोद कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया । उन्होंने शव को गांव वापस लाकर सड़क जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर कटोरिया थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार, अनि रवि कुमार और अनि नारायण बैठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सूइया और आनंदपुर थाना से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन के प्रयासों के बाद लोगों को शांत कराया गया और सड़क जाम हटाया गया। यह जाम करीब एक घंटे तक रहा। घायलों को देवघर किया गया रेफर पुलिस ने घायल बाइक सवार युवकों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल भेजा,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link