बागेश्वर धाम में खुले गड्ढे में डूबा मासूम, मौत:परिवार झाड़ा लगवाने आया था, खेलते समय गड्ढे में गिरा; हरियाणा से आया था परिवार




छतरपुर के बागेश्वर धाम क्षेत्र में बुधवार को एक 6 वर्षीय मासूम की गंदे पानी से भरे खुले गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रेवाड़ी (हरियाणा) निवासी प्रवीण कुमार के पुत्र दिव्यांश शर्मा (6 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दिव्यांश का परिवार बच्चे के बीमार होने पर उसे झाड़ा लगवाने बागेश्वर धाम आया था। बुधवार दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच खेलते समय वह पास के एक ढाबे के पीछे बने गंदे पानी के गड्ढे में गिर गया। घटना के समय परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी थी। कुछ देर बाद बच्चा दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन के दौरान ढाबे के पीछे बने गड्ढे में बच्चे का शव मिला। उसे तुरंत बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह खुले गड्ढे और लापरवाही सामने आ रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि ढाबों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास ऐसे गड्ढे लंबे समय से खुले हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मृतक का पिता बोला-एम्बुलेंस नहीं मिली मृतक के पिता प्रवीण कुमार ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल से उन्हें सरकारी एम्बुलेंस नहीं मिल सकी। उनका कहना है कि अस्पताल परिसर में निजी एम्बुलेंस संचालक और दलाल सक्रिय हैं, जो मजबूरी का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे थे। छतरपुर के सीएमएचओ राजेंद्र गुप्ता से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया, जिससे उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *