बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। कई जिलों में तेज बारिश के साथ तेज हवा चल रही है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा, जहां लोगों को तेज धूप और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। यलो अलर्ट वाले इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश के साथ-साथ करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। बीते 24 घंटे में पटना पटना, बांका, गोपालगंज-बेगूसराय समेत 11 जिलों में बारिश हुई। पटना में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि दोपहर बाद तेज बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। वहीं, 34.3 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ छपरा सबसे गर्म जिला रहा। बारिश और आंधी की वजह से अधिकतम तापमान में कमी आई है। हालांकि 11 अप्रैल बाद फिर गर्मी शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव अभी थमने वाला नहीं है। एक-दो दिन ऐसे ही हालात बने रहेंगे। इस दौरान कई जगहों पर तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम बदलने की वजह विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के कारण मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। साथ ही एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) भी सक्रिय है, जिससे वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है। इसी कारण अचानक तेज हवा, बारिश और आंधी जैसी स्थिति बन रही है। पटना में छाए रहेंगे बादल पटना में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि यहां भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। दिन के समय उमस बनी रह सकती है, वहीं तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहने के आसार हैं। कब बढ़ेगी गर्मी मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों के बाद मौसम साफ होने लगेगा। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अप्रैल के मध्य तक गर्मी अपने तेवर दिखाने लगेगी।
Source link