बेगूसराय के बरौनी प्रखंड के मल्हीपुर बिंद टोली में आज दोपहर आग ने तबाही मचाई है। चिलचिलाती धूप और तेज पछुआ हवा के बीच लगी आग ने देखते ही देखते पूरे टोले को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे 28 घर जलकर पूरी तरह खाक हो गए। इस हादसे में करीब 40 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद से गांव में चीख-पुकार और कोहराम मचा हुआ है। दोपहर के समय जब लोग अपने घरों में थे, तभी अचानक दिपाली निषाद के घर से धुएं का गुबार उठने लगा। इससे पहले कि घरवाले कुछ समझ पाते, आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। पछुआ हवा इतनी तेज थी कि आग ने पलक झपकते ही एक घर से दूसरे घर को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। लोगों ने फायर ब्रिगेड को दी सूचना आग लगते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और पास के चापाकल से पानी डालना शुरू किया। घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर दमकल की एक गाड़ी पहुंची, लेकिन आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि वह गाड़ी बेअसर साबित हुई। आग की विकरालता को देखते हुए तुरंत बरौनी एनटीपीसी (NTPC) से अतिरिक्त गाड़ियों को बुलाया गया। लेकिन जब तक दमकल की गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। देखते ही देखते 28 परिवारों के सिर से आशियाना छिन गया। करीब तीन घंटे की कोशिश के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। इस भीषण अग्निकांड में अनाज, कपड़े, नकद रुपए और बर्तन समेत घर का सारा सामान जलकर राख हो गया है। कई परिवारों ने अपनी बेटियों की शादी के लिए तैयारी कर रखी थी, जो अब मलबे के ढेर में तब्दील हो चुकी है। इस भीषण अग्निकांड में 40 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मुहल्ला में अब केवल धुआं और राख के ढ़ेर बचे हैं। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। रोती-बिलखती महिलाओं ने बताया कि आग ने उन्हें संभलने का मौका तक नहीं दिया। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। लेकिन अंदेशा जताया जा रहा है कि खाना बनाने के दौरान निकली चिंगारी या शॉर्ट सर्किट से हादसा हुआ होगा। हरिहर निषाद का एक लाख रुपया जला दिवाली निषाद के घर से आग की लपेटे उठी जो देखते ही देखते मंगल निषाद, हरिहर निषाद, उमेश निषाद, अर्जुन निषाद, राजेश निषाद, ललन निषाद, चंदन निषाद, दीपक निषाद, राजाराम निषाद, प्रभु निषाद और राजगीर निषाद सहित 28 घर आग के लपेटे में आ गए। रामविलास निषाद और अशोक निषाद के चार मवेशी आग में झुलस गए। हरिहर निषाद का घर बनाने के लिए रखा एक लाख रुपया जल गया है घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय अंचल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित परिवारों की सूची तैयार की जा रही है। इसके बाद आपदा प्रबंधन विभाग के नियमों के अनुसार प्रभावित परिवारों को अविलंब राहत सामग्री, तिरपाल और सरकारी मुआवजा मुहैया कराया जाएगा।
Source link