बेगूसराय में बिहार पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। एक अपराधी के गोली लगने की सूचना है। घटना बेगूसराय और समस्तीपुर जिला के सीमावर्ती मंसूरचक थाना क्षेत्र के नारायणपुर चौक के पास की है। फिलहाल तेघड़ा डीएसपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर मौजूद है। घटनास्थल पर चारों ओर से नाकाबंदी कर दी गई है। किसी को भी उधर जाने की अनुमति नहीं है। पुलिस की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। ज्वेलरी शॉप में लूटकांड में शामिल था अपराधी शुक्रवार को दरभंगा में प्रेम ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई 2 करोड़ से अधिक की लूट के बाद पुलिस बदमाशों के पीछे पड़ी हुई थी। इसी दौरान स्पेशल टास्क फोर्स को इनपुट मिला कि बदमाश बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र में छुपे है। इसके बाद सादी वर्दी में एसटीएफ की टीम करीब 10:00 बजे नारायणपुर चौक पर पहुंची और एक दुकान पर नाश्ता करने लगी। उसी दुकान में पहले से सात-आठ अपराधी बैठकर नाश्ता कर रहे थे। नाश्ता खत्म होने से पहले ही अपराधियों को शक हो गया। शंका होते ही अपराधी भागे तो एसटीएफ ने पीछा शुरू कर दिया। बदमाशों ने गोली चला दी, एसटीएफ को की आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी। जिसमें एक बदमाश को गोली लगने की सूचना है। हथियार और बाइक बरामद इस दौरान चार बदमाशों को पकड़ा गया है। मौके पर से हथियार और एक बाइक भी बरामद किए गए। लेकिन 3-4 बदमाश भागकर कहीं छुप गए। इसके बाद बैकअप के लिए 10 से अधिक बाइक से एसटीएफ की टीम स्थानीय थाना मौके पर पहुंची है। स्थानीय लोगों के अनुसार 5-6 राउंड गोली चली है। सूचना मिलते ही तेघड़ा डीएसपी मौके पर पहुंचे हैं। नारायणपुर चौक इलाके पर 1 किलोमीटर में घेराबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई चल रही है। इस एक किलोमीटर के इलाके में किसी के भी जाने पर रोक लगा दी गई है।
Source link