बेटी की शादी से एक दिन पहले पिता की मौत:बेगूसराय में हाईवा ने ठेला चालक को मारी टक्कर, आक्रोशित लोगों ने 2 घंटे एनएच-31 किया जाम




बेगूसराय में बुधवार की रात सड़क हादसे में ठेला चालक अशोक सहनी (50) की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाईवा से टक्कर हो गई। हादसे के बाद हाईवा फरार हो गया। अशोक सहनी लोहिया नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-28 निवासी थे। घटना के समय वो बाजार से काम निपटाकर घर लौट रहे थे। मृतक की बेटी की शादी 3 अप्रैल को तय हुई थी। घर शादी की तैयारियां जोरों पर थी। मंगल गीत गाए जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग भड़क उठे। आक्रोशित भीड़ ने एनएच-31 को जाम कर दिया और करीब 2 घंटे तक हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की गई है। गुस्साए लोग उचित मुआवजे और आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। हादसा एनएच-31 पर हुआ है। मुआवजे का दिया आश्वासन सड़क जाम की सूचना मिलते ही पहले नगर थाना की पुलिस पहुंची, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख आसपास के थानों की पुलिस को भी बुलाया गया। मौके पर ट्रैफिक डीएसपी और सदर बीडीओ पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा और अन्य हर संभव सहायता दिलाने का ठोस आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए और करीब दो घंटे बाद यातायात बहाल हो सका। फिलहाल नगर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अज्ञात हाईवा ट्रक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *