जोधपुर में भागवत कथा सुनना महिलाओं को उस समय भारी पड़ गया, जब धार्मिक माहौल के बीच बदमाशों ने भीड़ का फायदा उठाकर दो बुजुर्ग महिलाओं के गले से करीब साढ़े 5 तोला सोने की चेन पर हाथ साफ कर लिया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। दरअसल, शहर में धार्मिक आयोजनों के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र का है, जहां भागवत कथा सुनने गई दो वृद्ध महिलाओं को चोरों ने अपना निशाना बना लिया। भद्रेसर गौशाला में आयोजित भागवत कथा में गई थी महिला राजीव गांधी नगर थाने में नवौड़ा बेरा चौखा निवासी अर्जुनराम माली ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनकी माता जमना देवी 10 अप्रैल को भद्रेसर गौशाला में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने गई थीं। कथा समाप्त होने के बाद जब वे घर लौटीं और कपड़े बदले, तब उनके गले से करीब 4 तोला वजनी सोने की चेन गायब मिली। चोरी की दो वारदात आई सामने इसी दौरान कथा स्थल पर मौजूद प्रतीक सोलंकी की दादी विध्या देवी के गले से भी करीब डेढ़ तोला सोने की कड़ी चोरी हो गई। इस तरह दोनों घटनाओं में कुल साढ़े 5 तोला सोने के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस परिजनों ने आशंका जताई है कि अज्ञात चोरों ने भीड़ का फायदा उठाते हुए बेहद सफाई से वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद राजीव गांधी नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एएसआई वीरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link