मंडला में संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव:ठुड्डी और सिर पर चोट के निशान, जल्द लौटने का कहकर घर से निकला था




मंडला जिले के उपनगर महाराजपुर में खेल मैदान में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। शव के चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं, जबकि कुछ दूरी पर मृतक की चप्पल भी बरामद हुई है। मृतक की पहचान ग्राम केहरपुर निवासी 35 वर्षीय प्रभु मरावी के रूप में हुई है, जो मजदूरी का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना प्रभारी डॉ. जय सिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रजत सकलेचा और एसडीओपी पीयूष मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की मां सुखवती मरावी ने बताया कि प्रभु शनिवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था और जल्द लौटने की बात कहकर गया था, लेकिन वापस नहीं आया। जानकारी के अनुसार, उसकी पत्नी पिछले दो वर्षों से मायके में रह रही है, जबकि 11 साल का बेटा और 9 साल की बेटी मां के साथ रहते हैं। एसडीओपी पीयूष मिश्रा ने जानकारी दी कि शव वन परिक्षेत्र कार्यालय के सामने खाली मैदान में बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतक की ठुड्डी, सिर के पीछे चोट के निशान और नाक से खून आने के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजनों और गवाहों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *