मंडला में NH-30 पर ट्रैवलर खाई में गिरी:ट्राला की लापरवाही से हादसा, पेड़ ने बचाई 12 यात्रियों की जान, 4 घायल




मंडला के टिकरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर रविवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। नारायणगंज के पास बाबादेवरी मोड़ पर तेज रफ्तार ट्राला की लापरवाही से एक टूरिस्ट ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हालांकि, वाहन एक बड़े पेड़ से टकराकर रुक गया, जिससे उसमें सवार करीब 12 यात्रियों की जान बच गई। इस हादसे में चार यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। मंडला होते हुए जबलपुर जा रही थी टूरिस्ट ट्रैवलर जानकारी के अनुसार, यह टूरिस्ट ट्रैवलर मलाजखंड से मंडला होते हुए जबलपुर की ओर जा रही थी। बाबादेवरी मोड़ पर जबलपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राला ने अचानक नियम विरुद्ध तरीके से अपनी विपरीत दिशा में मोड़ लिया। सामने से टक्कर से बचने के प्रयास में ट्रैवलर चालक ने वाहन को मोड़ा, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा गिरी। हादसे में 4 यात्री घायल, दो की हालत गंभीर हादसे के समय ट्रैवलर में लगभग 12 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल सहायता के लिए पहुंचे। घायलों में मलाजखंड निवासी अनिल सोनी (67), दिव्या वेदा (43), यूनुस जिलानी (49) और साजिया जिलानी (44) शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल यूनुस और साजिया को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। डायल 112 टीम-ग्रामीणों ने लोगों को बाहर निकाला घटनास्थल पर डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाई। आरक्षक राम मसकरे और पायलट पवन साहू किसी अन्य सूचना पर भावल की ओर जा रहे थे। बाबादेवरी के पास भीड़ और खाई में गिरे वाहन को देखकर उन्होंने तुरंत वाहन रोका और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अपनी डायल 112 गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्राला चालक की तलाश की जा रही है, जिसने लापरवाही से वाहन मोड़कर दुर्घटना को अंजाम दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *