सीकर के दादिया थाना इलाके में मछलीपालन के नाम पर 3 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। जयपुर निवासी आरोपी ने 6 लोगों को झांसे में लेकर 3 करोड़ रुपए ठग लिए। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। दादिया पुलिस थाने में बलबीर सिंह,महेंद्र गढ़वाल,जितेंद्र सुंडा,नरेंद्र सैनी,श्रीराम,और मनोहर सिंह ने रिपोर्ट देकर बताया- उनकी पहचान जयपुर के रामगंज बाजार निवासी ज़ाकिउद्दीन से हुई थी। जिसने गुमाना का बास में एक खेत का हिस्सा लेकर एक पॉन्ड बनाया हुआ था। जिसमें उसने मछलियां डाल रखी थी। वह लोगों को बोलना था कि वह एक बड़ी कंपनी से जुड़ा हुआ है। कंपनी मछली पालन करने वाले लोगों को बड़ा मुनाफा देती है। इसलिए कोई मछली पालन का बिजनेस करना चाहता है तो उसे भी ऐसे ही पॉन्ड बनाकर दिए जाएंगे। मछलियां भी कंपनी की तरफ से ही उसमें डाली जाएगी। ऐसे में बलबीर सहित सभी 6 लोगों ने उसकी बातों पर विश्वास कर लिया और करीब तीन करोड़ रुपए दे दिए। 1 साल तक मछलियां नहीं बिकवाई जाकिउद्दीन ने पॉन्ड बनाए और उसने मछलियां भी लाकर डाल दी। साथ ही कहा- 6 महीने बाद इन्हें बेचने पर अच्छा प्रॉफिट होगा। लेकिन 1 साल तक उसने मछलियां नहीं बिकवाई। जब बलबीर और अन्य लोगों ने अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपी केवल बहाने करता रहा। इसके बाद एक दिन अपनी कार छोड़कर चला गया और कहा कि इसे बेचकर कुछ रुपए ले लो। लेकिन जब कार के बारे में मालूम किया गया तो पता चला कि वह और किसी के नाम पर थी। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
Source link