मथुरा में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश:11 चोरी की बाइक बरामद, 2 गिरफ्तार और 3 नाबालिग हिरासत में




मथुरा पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली थाना क्षेत्र की कृष्णानगर चौकी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और गिरोह में शामिल तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया है। उनके कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। चौकी प्रभारी विपिन तोमर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक अलवर पुल के पास कच्चे रास्ते पर चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और दो आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नासिर (19 वर्ष) निवासी खामनी, गोवर्धन रोड और साकिर (22 वर्ष) निवासी नई बस्ती, डीग गेट के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। बरामद की गई 11 मोटरसाइकिलों में अधिकतर स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स मॉडल शामिल हैं। जांच के दौरान कई बाइकों की नंबर प्लेट गायब मिलीं, जबकि कुछ के चेसिस नंबर भी घिसे हुए पाए गए। इससे स्पष्ट है कि आरोपी चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने का प्रयास करते थे। इस मामले में थाना कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी विपिन तोमर सहित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *