मधुबनी जिले के जयनगर प्रखंड स्थित आरटीपीएस कार्यालय से चोरी हुए लैपटॉप मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। जयनगर पुलिस ने चोरी का लैपटॉप बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना इसी सप्ताह 4 अप्रैल की रात को जयनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित आरटीपीएस कार्यालय में हुई थी। अज्ञात चोरों ने कार्यालय से लैपटॉप चुरा लिया था, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई थी। विशेष पुलिस बल का गठन किया गया मामले की गंभीरता को देखते हुए जयनगर थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस बल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो दिनों के भीतर ही मामले का उद्भेदन कर लिया। मंगलवार शाम को पुलिस ने बलुआ टोल से लगभग 19 वर्षीय अजय कुमार यादव और विक्रम कुमार मंडल को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी बलुआ टोल के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी का लैपटॉप भी बरामद कर जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी अजय कुमार मंडल का नेपाल के इनर्वा में भी निवास बताया गया है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी पुलिस ने मामले में अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार, पैंथर पुलिस बल के उत्तम कुमार, विकास कुमार, श्याम पासवान और राहुल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। मामले के उद्भेदन को लेकर बुधवार शाम को जयनगर थाना परिसर में थानाध्यक्ष अमित कुमार की अध्यक्षता में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
Source link