महिला आरक्षण देश की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव का आधार:सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने कहा- सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही




दरभंगा के जिला अतिथि गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ (महिला आरक्षण) को देश की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को सशक्त प्रतिनिधित्व देने के साथ-साथ लोकतंत्र को अधिक समावेशी और मजबूत बनाएगा। सांसद ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से महिलाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसके लागू होने से निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे। इस मौके पर उन्होंने जानकारी दी कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ के तहत 11 से 13 अप्रैल तक देशभर में जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है और उन्हें राजनीति में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए चलाई जा रही योजनाओं- उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और मातृत्व फायदा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि यह अधिनियम केवल एक कानूनी प्रावधान नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का माध्यम भी है। इससे महिलाएं नीति निर्माण में भागीदारी निभाते हुए देश के विकास को नई दिशा देंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब महिलाएं कार्यबल में अधिक संख्या में शामिल होती हैं, तो अर्थव्यवस्था को गति मिलती है और समावेशी विकास को बढ़ावा मिलता है। लैंगिक असमानता कम होने से वैश्विक अर्थव्यवस्था में भी उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना, जिला उपाध्यक्ष सोनी पुर्वे, जिला मीडिया प्रभारी मुकुंद चौधरी, सपना भारती, मीरा मेहता, गुलशन चौधरी और सुंदरलाल चौधरी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *