हाईवे पर एक महिला द्वारा चलती बुलेट मोटरसाइकिल पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला रील बनाने के लिए जानलेवा हरकतें कर रही थी और ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रही थी। वायरल वीडियो में महिला तेज रफ्तार बुलेट चलाते हुए कभी दोनों हाथ हैंडल से हटा देती है, तो कभी अपने पैर सीट पर रखकर असंतुलित और जोखिम भरे स्टंट करती नजर आती है। बाइक की नंबर प्लेट की जगह ‘पुलिस’ लिखा हुआ भी दिखाई दे रहा है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है। इस दौरान महिला का एक साथी पूरे स्टंट की वीडियो रिकॉर्डिंग करता दिख रहा है। रील बनाने के चक्कर में यह खतरनाक स्टंट न केवल उसकी अपनी जान के लिए खतरा बना, बल्कि हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा भी दांव पर लग गई। विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसे स्टंट में थोड़ी सी भी चूक गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। तेज रफ्तार और असंतुलित हरकतें किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती थीं। इस मामले पर सीओ ट्रैफिक पूर्णिमा सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर महिला की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link