राजस्थान में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने ‘राजीविका मिशन’ के तहत कार्यरत “लखपति दीदियों” से संवाद किया। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से लगभग 150 महिलाओं ने भाग लिया और अपनी सफलता की प्रेरक कहानियां साझा कीं। संवाद के दौरान सीएस ने ‘लखपति दीदियों’ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी इन महिलाओं ने न केवल खुद को आत्मनिर्भर बनाया है, बल्कि अपने गांवों और समुदायों के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सीएस ने बताया कि ‘राजीविका मिशन’ के माध्यम से महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण, वित्तीय समावेशन, बाजार तक पहुंच और डिजिटल साक्षरता जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इन पहलों के कारण प्रदेश में ‘लखपति दीदियों’ की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। महिलाओं से किया आह्वान
मुख्य सचिव ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपनी सफलता की कहानियों को अन्य महिलाओं तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस अभियान से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए हर संभव सहयोग और नीतिगत समर्थन जारी रखेगी। यह पहल ग्रामीण विकास विभाग और राजीविका के तहत संचालित केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उद्यमी बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
यह संवाद कार्यक्रम महिलाओं के उत्थान, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Source link