मेरठ में पिछले कई दिनों से रिमझिम बारिश के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रविवार सुबह शहर और आसपास के इलाकों में मौसम सुहावना रहा। आसमान में घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि कुछ ही देर बाद धूप निकलने से तापमान में हल्का इजाफा महसूस किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसका असर तापमान पर साफ देखा गया। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित मौसम वेधशाला के अनुसार अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में आई गिरावट से मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहा। बारिश के चलते वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 127 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। इससे लोगों को प्रदूषण से थोड़ी राहत मिली है।
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के मुताबिक, मौसम का यह बदलाव अभी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अगले एक से दो दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इसके साथ ही 7 से 9 अप्रैल के बीच प्रदेश में एक बार फिर बेमौसम तूफानी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है। ऐसे में किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण अप्रैल में ही मौसम असामान्य रूप से बदल रहा है। इसका असर खेती, जनजीवन और तापमान के पैटर्न पर साफ दिखाई दे रहा है।
Source link