मैहर में ट्रेलर ने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर:बेलदरा लौट रहे 15 लोग घायल, NH-30 पर हुआ हादसा




मैहर जिले में शनिवार सुबह करीब 5 बजे एक सड़क हादसे में 15 लोग घायल हो गए। अमरपाटन क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम रिगरा ब्रिज के पास हाईवे किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग बरहों कार्यक्रम में शामिल होकर बेलदरा लौट रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर का डीजल खत्म हो जाने के कारण वाहन को हाईवे किनारे खड़ा किया गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। 108 और 1033 हाईवे एंबुलेंस की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल मैहर और अमरपाटन पहुंचाया गया। घायलों में संखिबाई साकेत (50), अजय बुंकर (17), प्रदीप साकेत (24) और संतोष साकेत (50) सहित अन्य लोग शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया है। शेष घायलों का इलाज मैहर और अमरपाटन के सिविल अस्पतालों में चल रहा है। इस बीच, घायलों के परिजनों ने अमरपाटन सिविल अस्पताल में एंबुलेंस के लिए घंटों इंतजार करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सतना रेफर किए गए मरीजों के लिए समय पर एंबुलेंस नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने हंगामा भी किया। हालांकि, कुछ देर बाद एंबुलेंस पहुंची और घायलों को सतना जिला अस्पताल ले जाया गया। नादन देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने बताया कि ट्रेलर को क्रेन की मदद से जब्त कर थाने लाया गया है और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *