मोगा के प्रीत नगर इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हथियाबंद हमलावरों ने हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घायल युवक की पहचान प्रीत नगर निवासी नवदीप सिंह उर्फ नवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हथियारों से लैस कुछ युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया और उसे बुरी तरह घायल कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल नवदीप को अस्पताल पहुंचाया। मोगा थाना सिटी साउथ पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरी, माना उर्फ वंश, बोहड़ा सिंह, सप्प और 2-3 अज्ञात हथियारबंद व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये सभी आरोपी बुक्कनवाला रोड, मोगा के निवासी बताए जा रहे हैं। पुरानी रंजिश को लेकर हुआ हमला : पुलिस पुलिस के अनुसार, इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य कारण है। बताया जा रहा है कि नवदीप सिंह ने एक महिला से विवाह किया था, जिसके चलते आरोपी गौरी और नवदीप के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घायल नवदीप सिंह ने भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने योजना बनाकर उस पर हमला किया। फिलहाल, उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और सिविल अस्पताल में उसका इलाज जारी है। मामले की जांच सहायक थानेदार रछपाल सिंह कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने कहा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link