मोगा जिले में लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत धर्मकोट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक लूटपाट गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह उर्फ दीप निवासी गांव कमालके कलां और हरदीप सिंह उर्फ रवि निवासी गांव अम्मीवाला के रूप में हुई है। गिरोह का तीसरा बदमाश जग्गा सिंह निवासी अम्मीवाला अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। 13 अप्रैल को हुई थी लूट की घटना डीएसपी धर्मकोट ने पत्रकारों को बताया कि यह कार्रवाई 13 अप्रैल को पंकज राज (निवासी बिहार, वर्तमान में गांव संगला) द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर की गई। पंकज राज ने बताया था कि 10 अप्रैल को काम खत्म कर गांव संगला लौटते समय बीजापुर के पास सेम नहर के नजदीक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार हथियारबंद युवकों ने उससे 13,300 रुपये लूट लिए थे। सेम नहर के पास वारदात को दिया अंजाम पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि इन्हीं तीनों आरोपियों ने पहले भी सेम नहर के पास 20 हजार रुपये की लूट को अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मकोट पुलिस ने अमनदीप सिंह उर्फ दीप, हरदीप सिंह उर्फ रवि और जग्गा सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तीसरे आरोपी की तलाश जारी पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई 5,300 रुपये नकद राशि, एक किरपान और वारदात में इस्तेमाल किया गया बिना नंबर का मोटरसाइकिल बरामद किया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। जांच अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।
Source link