मोगा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सफलता हासिल की है। दौलेवाला क्षेत्र में एक सड़क हादसे के बाद कार से करीब ढाई किलो हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में थाना कोटईसे खां में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक अजय गांधी ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा युवक अस्पताल में उपचाराधीन है। डीएसपी धर्मकोट जसविंदर सिंह के अनुसार, यह घटना उस समय सामने आई जब एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार जी.आर. मैरिज पैलेस के पास अमृतसर जा रही एक बस से टकरा गई। लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया हादसे में कार सवार गुरप्रीत सिंह (निवासी रत्तोके, तरनतारन) और दर्शन सिंह (निवासी भिखीविंड, तरनतारन) गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी दौलेवाला के प्रभारी एएसआई जगमोहन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इसी दौरान बस चालक बलदेव सिंह ने कार के अंदर एक पारदर्शी लिफाफा देखा, जिसकी सूचना उसने पुलिस को दी। जांच करने पर उसमें हेरोइन पाई गई। पुलिस ने तुरंत कार और बरामद हेरोइन को कब्जे में ले लिया। बाद में घायलों को मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोर्ट ने आरोपी को हिरासत में भेजा इलाज के दौरान दर्शन सिंह की हालत में सुधार होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दूसरा आरोपी गुरप्रीत सिंह अभी इलाज करवा रहा है। पुलिस ने बताया कि उसके ठीक होने पर प्रोटक्शन वारंट के जरिए पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।
Source link