मोतिहारी में विवाहिता का फंदे से शव मिला:परिवार बोला- ससुराल वाले दहेज में बुलेट मांग रहे थे, नहीं देने पर मारकर फंदे से टांग दिया




मोतिहारी के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के घिवाढ़ार गांव में एक 23 वर्षीय विवाहिता रूपा कुमारी का शव फंदे से लटका मिला है। मृतका की पहचान सर्वेश सिंह की पत्नी के रूप में हुई है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं। सूचना मिलने पर हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ससुराल वाले बुलेट मांग रहे थे
मृतका के मायके वालों ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोप लगाया है कि इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। मृतका के भाई ने बताया कि रूपा कुमारी की शादी वर्ष 2023 में सर्वेश सिंह से हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल वालों ने दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर रूपा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना के कारण रूपा की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटकाया गया, ताकि इसे आत्महत्या साबित किया जा सके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने मृतका के गहने भी बेच दिए हैं। रूपा कुमारी मूल रूप से पश्चिमी चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। पुलिस फरार ससुराल पक्ष के सभी लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *