महिला आरक्षण बिल पर पूरे देश में सियासत गर्म है, इसी बीच राजस्थान सरकार की महिला व बाल विकास और PWD राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार आज सीकर जिले के खाटूश्यामजी पहुंचीं। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध खाटूश्याम बाबा के दर्शन किए, स्वास्तिक बनाया और मत्था टेककर करीब 4 मिनट तक पूजा-अर्चना की। राज्यमंत्री डॉ. बाघमार ने बाबा श्याम के दर्शन कर देश और प्रदेश के सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। सेवक परिवार के इंद्र सिंह चौहान ने राज्यमंत्री डॉ. बाघमार का श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर व प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। वहीं, खाटू पहुंचने पर थानाधिकारी पवन चौबे और पटवारी रोहिताश सेपट ने उनकी अगवानी की। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यमंत्री डाॅ. मंजू बाघमार ने महिला आरक्षण विधेयक नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। राज्यमंत्री डॉ. बाघमार ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विधेयक लाई लेकिन विपक्ष ने इसे पारित नहीं होने दिया जो महिलाओं का अपमान है।आने वाले समय में देश की नारी शक्ति इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। बाबा श्याम से ये प्रार्थना की है कि विपक्ष को सद्बुद्धि दे। राज्यमंत्री ने खाटूश्यामजी के विकास को लेकर कहा कि राज्य सरकार इसके लिए कृत संकल्पित है और आने वाले समय में क्षेत्र के विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
Source link