राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर थमने के साथ ही धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है। रविवार सुबह से आसमान साफ रहा और धूप निकलने के साथ ही हल्की गर्मी बढ़ गई। पश्चिमी जिलों के अलावा पूर्वी और दक्षिण के 12 से ज्यादा जिलों में रविवार दिन का अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। दिन के साथ अब कुछ शहरों में रात में भी ठंडक कम होने लगी। यहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज होने लगा है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले 4-5 दिन आसमान साफ रहने और तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राज्य के सभी शहरों में आसमान साफ रहा। बीकानेर, जोधपुर संभाग के जिलों में सुबह से धूप तेज रही और देर शाम तक गर्मी का असर रहा। रविवार दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ। चित्तौड़गढ़, जैसलमेर में अधिकतम तापमान 37.6, जोधपुर, कोटा में 37.4, फलोदी में 37.8, प्रतापगढ़ में 37.2, जालोर, उदयपुर में 37.1, बीकानेर में 36.4, वनस्थली (टोंक) में 36.1, पिलानी (झुंझुनूं), श्रीगंगानगर, चूरू में 35.8, दौसा, करौली में 35.4, पाली में 35.1 और जयपुर, अजमेर में 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस सप्ताह और बढ़ेगी गर्मी मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राजस्थान में अगले 4-5 दिन मौसम ड्राय रहेगा। इस सप्ताह कई शहरों का अधिकतम तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर भी जा सकता है। हालांकि अगले चार-पांच दिन हीटवेव चलने की संभावना नहीं है।
Source link