अजमेर की कृष्णगंज थाना पुलिस ने अवैध हथियार के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने नाबालिग दोस्त से शौक पूरा करने और हथियार के साथ रील्स बनाने के उद्देश्य से पिस्टल ली थी। इसके साथ ही पुलिस ने नाबालिग को भी निरुद्ध किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कृष्णगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम कार्रवाई करते हुए आरोपी शोएब कुरैशी (22) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल बरामद की गई है। अवैध हथियार के साथ घूम रहा था युवक सीओ शिवम जोशी और थाना प्रभारी अरविंद चारण ने बताया कि 9 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। इस पर टीम गठित कर आरोपी को डिटेन कर जांच की गई। तलाशी के दौरान उसके पास से स्कूटी की डिग्गी में रखी देशी पिस्टल बरामद हुई। आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह हथियार अपने नाबालिग दोस्त से लिया था। नाबालिग के पास यह पिस्टल उसके मामा की थी, जिसे उसने छिपाकर रखा हुआ था और दो दिन पहले ही आरोपी को दे दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, हथियार उपलब्ध कराने के मामले में नाबालिग को भी विधि अनुसार निरुद्ध किया गया है। फिलहाल कृष्णगंज थाना पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार का इस्तेमाल किसी अन्य वारदात में तो नहीं किया गया। कार्रवाई में विशेष योगदान कांस्टेबल करतार सिंह और मोहन शेषमा का रहा।
Source link