कोटा में फेमस होने के लिए एक लड़के ने चंद्रलोही नदी में मगरमच्छों के ऊपर सुतली बम फेंका। सुतली बम फटते ही नदी में मगरमच्छ इधर-उधर भागने लगे। लड़के ने यह हरकत तब की जब मगरमच्छ धूप सेंकने के लिए नदी किनारे आए थे। लड़के ने रविवार को वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लड़का सुतली बम जलाकर मगरमच्छों के झुंड के बीच फेंक रहा है। सुतली बम फटते ही वहां मौजूद मगरमच्छ घबराकर तेजी से नदी में कूद जाते हैं। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने बोरखेड़ा थाने में FIR दर्ज करवाई। देखिए घटना से जुड़ी 2 PHOTOS… थाने में शिकायत के बाद डिलीट कर दिया वीडियो
ASI करतार यादव ने बताया- वन विभाग की ओर से मगरमच्छों पर सुतली बम फोड़ने की शिकायत दी गई थी। वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही मगरमच्छों को परेशान करने और सुतली बम फेंकने वाले को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच में पता चला है कि आरोपी चंद्रेसल इलाके का रहने वाला है। उसने आज ही अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर इस वीडियो को अपलोड किया था और कुछ ही घंटों में 21 हजार से ज्यादा व्यूज आ गए थे। जब उसे पता चला कि उसके खिलाफ थाने में शिकायत हो गई है तो उसने वीडियो को डिलीट कर दिया। हालांकि, उससे पहले ही कई लोगों ने वीडियो को डाउनलोड कर लिया था। दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा
वन विभाग के DFO एके श्रीवास्तव ने बताया- मगरमच्छों पर सुतली बम फेंकने का वीडियो सामने आने के बाद कोटा सिटी एसपी को सूचित किया गया। लड़के के खिलाफ बोरखेड़ा थाने में FIR दर्ज करवाई गई। उन्होंने कहा- दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस तरह की घटना वन्यजीवों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। मगरमच्छ शेड्यूल-1 का एनिमल, 3-7 साल की सजा
एडवोकेट नंद सिंह राजावत ने बताया- मगरमच्छ शेड्यूल-1 के एनिमल में आता है। इन्हें मारना या घायल करने की कोशिश करना अपराध की श्रेणी में आता है। अगर आरोपी के खिलाफ जुर्म साबित होता है तो उसे 3 से 7 साल जेल और 10 हजार रुपए जुर्माने की सजा हो सकती है। अगर वह दोबारा से यह दोहराता है तो उसे 7 साल की सजा हो सकती है।
Source link