ललितपुर में बजरंग सेना के कार्यकर्ताओं ने निजी स्कूलों पर हर साल किताबें बदलने और उन्हें महंगे दामों पर बेचने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने सोमवार को जिले के प्रभारी मंत्री दानिश आजाद मंसूरी को एक ज्ञापन सौंपकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की। बजरंग सेना के जिलाध्यक्ष डॉ. दीपक पस्तोर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचकर मंत्री को ज्ञापन दिया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के आदेशानुसार पूरे देश में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू होना चाहिए, लेकिन ललितपुर के निजी स्कूलों में हर साल पाठ्यक्रम बदल दिया जाता है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्कूलों द्वारा हर साल फीस में भी वृद्धि की जाती है। एक बच्चे के पाठ्यक्रम का खर्च 6 हजार से 8 हजार रुपये के बीच आता है, जिससे मध्यम और गरीब परिवारों को काफी परेशानी होती है। इसके अलावा, निजी स्कूल अभिभावकों को अपनी पसंद की दुकानों से किताबें खरीदने के लिए मजबूर करते हैं, जहां उनका कमीशन तय होता है। बजरंग सेना ने प्रभारी मंत्री से जनहित की इस समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने और सभी निजी स्कूलों को शासन की मंशा के अनुरूप आदेश जारी करने की मांग की। ज्ञापन सौंपते समय अजय दुबे, ताहर राजा, दीपक पंडा, संतोष, शिवकुमार, सोनू जयकुमार सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link