रविवार शाम को लालसोट क्षेत्र के भामुवास गांव में अज्ञात कारणों से चार कच्चे घरों में आग लग गई। इस अग्निकांड में पांच बकरियां जिंदा जल गईं, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ितों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आने से नगदी, जेवरात, अनाज और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीनारायण, रामसिंह, रामविलास और मुनिराज पुत्र रामकेश मीना के चार कच्चे घर प्रभावित हुए। इनमें तीन पाटोर पोस (छप्पर वाले) और एक टीन शेड का घर शामिल था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कच्चे घरों के अंदर बंद पांच बकरियां जिंदा जल गईं। पाटोर पोस की पट्टियां टूटकर नीचे गिर गईं और टीन शेड पूरी तरह बिखर गया। अग्निकांड में लगभग 1 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, अनाज और पशुओं का चारा सहित अन्य घरेलू सामान खाक हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत लालसोट फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
Source link