लुधियाना में कांग्रेस नेता की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या:पंजाब पुलिस ने मुंगेर से 2 आरोपी को किया गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर ले गई




पंजाब पुलिस ने लुधियाना में कांग्रेस नेता परमेंद्र तिवारी की हत्या के दो आरोपियों को मुंगेर से गिरफ्तार किया है। गुरुवार को लुधियाना ईस्ट के एसीपी सुमित सूद के नेतृत्व में पंजाब पुलिस की एक विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस और एसटीएफ के सहयोग से जमालपुर के सदर बाजार क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों को दबोचा। यह हत्या 29 मार्च को लुधियाना के कून कुलाम थाना क्षेत्र में हुई थी। 50 वर्षीय परमेंद्र तिवारी अपने आवास पर कुर्सी पर बैठे थे, तभी उन पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। परमेंद्र तिवारी ने किराए पर रखा था दोनों को जांच में सामने आया कि परमेंद्र तिवारी ने अपने मकान में दो लड़कों को किराए पर रखा था। वारदात के बाद से ही दोनों लड़के गायब थे, जिससे पुलिस का शक उन पर गहरा गया। पुलिस ने संदिग्धों के मोबाइल को सर्विलांस पर रखा। मोबाइल लोकेशन मुंगेर जिले के जमालपुर (सदर बाजार) में मिली। इसके बाद पंजाब पुलिस की टीम आरोपियों को पकड़ने के लिए मुंगेर पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विजय कुमार और लकी कुमार के रूप में हुई है, जो लुधियाना के मछीवाड़ा के निवासी हैं। वे अपराध करने के बाद बिहार आकर छिप गए थे। आरोपियों को लेकर पंजाब रवाना हुई टीम कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद, मुंगेर कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेकर पुलिस टीम आरोपियों को लेकर पंजाब रवाना हो गई। एसीपी सुमित सूद ने बताया कि लुधियाना ले जाकर हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जाएगा। पंजाब पुलिस की टीम में एसीपी सुमित सूद के साथ लुधियाना जमालपुर के एसएचओ दलबीर सिंह और टिब्बा एसएचओ बलवीर सिंह शामिल थे। स्थानीय स्तर पर जमालपुर के एडिशनल एसएचओ टीपू सुल्तान ने आरोपियों की घेराबंदी में सहयोग किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *