लुधियाना के साहनेवाल इलाके में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। स्वामी विवेकानंद नगर में पत्नी के साथ गोदाम जा रहे एक व्यक्ति पर न केवल हमला किया गया, बल्कि रंग डालने के बहाने उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें भी की गईं। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित दंपत्ति को घेरकर डंडों और बेसबॉल बैट से बुरी तरह पीटा। थाना साहनेवाल की पुलिस ने 1 महीने बाद इस केस में चार आरोपियों को नामजद किया है। आरोपियों की पहचान कमलेश निवासी गली नंबर 2, अंबेडकर नगर, प्रमीत कलसी निवासी ढोलेवाल, फौजी निवासी अंबेडकर नगर, रविंद्र गोबिंद निवासी गली नंबर 2, अंबेडकर नगर के रूप में हुई है। रंग फेंकने के बहाने की बदतमीजी, फिर रास्ते में घेरा
शिकायतकर्ता तरनजीत सिंह (निवासी गुरु अर्जुन देव नगर, ढोलेवाल) ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च 2026 की शाम करीब 6:30 बजे वह अपनी पत्नी सोनी सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गोदाम जा रहे थे। जब वे कामनी अस्पताल, स्वामी विवेकानंद नगर के पास पहुंचे, तो कुछ युवकों ने अपनी मोटरसाइकिल उनकी बाइक में मारी। आरोपियों ने रंग डालने के बहाने तरनजीत की पत्नी के साथ छेड़छाड़ की और अश्लील हरकतें करने लगे। गली में घेरकर डंडों और बेसबॉल से किया हमला
तरनजीत ने बताया कि वे झगड़े से बचने के लिए वहां से निकल गए, लेकिन आरोपियों ने पीछा नहीं छोड़ा। जैसे ही वे अंबेडकर नगर की गली नंबर 2 के पास पहुंचे, आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। वहां आरोपियों ने उन पर डंडों और बेसबॉल बैट से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। थाना साहनेवाल की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत 126(2), 115(2), 117(4), 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना), 351(2)(3), 191(3) और 190 मामला दर्ज किया है।
Source link