लुधियाना में बंद मकान से लाखों की चोरी:मकान मालिक का इलाज कराने गया परिवार, दीवार फांदकर घुसे चोर, डेढ़ लाख- जेवर ले गए




लुधियाना के न्यू सुंदर नगर इलाके में एक तरफ जहां पूरा परिवार अस्पताल में अपने मुखिया की जान बचाने के लिए दुआ कर रहा था, वहीं दूसरी ओर बेखौफ चोरों ने पीछे से बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों के कीमती सामान चुरा लिया। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें दो नकाबपोश आरोपी दीवार फांदकर घर में दाखिल होते नजर आ रहे हैं। पीड़ित महिला ज्योति ने बताया कि सोमवार रात करीब 9:00 बजे उनके पति पवन कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में पूरा परिवार उन्हें लेकर सीएमसी (CMC) अस्पताल लेकर पहुंचा। घर पर ताला लटका था और कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रात 2:00 से 3:00 बजे के बीच दो चोर गेट फांदकर अंदर घुसे और बड़े आराम से चोरी कर निकल गए। ऑपरेशन के लिए पैसे लेने आए तो उड़ गए होश पड़ोसी सुनील कपूर ने बताया कि पवन कुमार की हालत बेहद गंभीर है। उनका ब्रेन ऑपरेशन हुआ है और वे वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहे हैं। मंगलवार सुबह जब परिवार का एक सदस्य अस्पताल के खर्च के लिए घर से पैसे लेने पहुंचा तो मुख्य द्वार का ताला टूटा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली थीं। ज्योति के मुताबिक करीब 1.5 लाख रुपए नकद और सोने- चांदी के तमाम आभूषण गायब हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत 7 से 8 लाख रुपए के करीब है। वहीं पीड़ित महिला ज्योति ने कहा कि, हम अस्पताल में डॉक्टर से मिन्नतें कर रहे थे और यहां चोरों ने हमारा सब कुछ लूट लिया। पुलिस को खबर दी, तो वे भी 3 घंटे बाद पहुंची। अब हम इलाज कराएं या चोरों को ढूंढें। मुंडियां कलां के निवासियों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। वही मुंडियां कलां के जांच अधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच का चल रही है। जल्द चोरो को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *