श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में गुरुवार शाम को वाटर वर्क्स की डिग्गी में डूबने से 2 बच्चों की मौत हो गई। दोनों मासूम वाटर वर्क्स की डिग्गी के पास खेल रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों डिग्गी में गिर गए। घटना गुरुवार शाम के करीब 6:30 बजे ठंडी गांव में हुई। मृतक बच्चों की पहचान दिव्यांशु (10) व राघव (10) निवासी ठंडी, रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर) के रूप में हुई। दोनों बच्चे पड़ोसी है। घटना के सूचना पर रायसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ट्रेनी आरपीएस प्रियंका ने बताया- गुरुवार शाम को करीब 6:30 बजे सूचना मिली थी कि गांव ठंडी में वाटर वर्क्स की डिग्गी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेकिन इससे पहले ही ग्रामीणों ने बच्चों को डिग्गी से बाहर निकाल लिया था लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि बच्चे वाटर वर्क्स में खेल रहे थे। वाटर वर्क्स की डिग्गियों पर जाली भी लगी हुई है, लेकिन दोनों बच्चे जाली उठाकर डिग्गी के पास चले गए थे और खेलते समय उनका पैर फिसल गया। जिसके बाद वह डिग्गी में जा गिरे। जिनमें उनकी मौत हो गई। परिजनों द्वारा फिलहाल दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। दोनों बच्चे गरीब परिवार से हैं और अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। परिजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं। वहीं, घटना से गांव में गम का माहौल है। हादसे की जानकारी मिलने पर उपखंड अधिकारी सुभाष चौधरी और तहसीलदार हर्षिता मीढ़ा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की और सहायता का आश्वासन दिया।
Source link