सीतापुर के मछरेहटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि 30 वर्षीय महिला का मृत अवस्था में ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया। मृतका की पहचान सुनीता (35) पत्नी संजीव सेन निवासी मछरेहटा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला के सिर से खून निकलने की बात सामने आई है, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए और उन्होंने जमकर हंगामा किया। काफी देर तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। पिता बंशी लाल ने बताया कि सुनीता का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व संजीव सेन के साथ हुआ था। मृतका का मायका रामकोट थाना क्षेत्र के सिकटिहा गांव में है। मायके पक्ष के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुनीता को लंबे समय से परेशान किया जा रहा था। घटना की सूचना पर मछरेहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ससुराल पक्ष के फरार लोगों की तलाश में जुटी है और मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
Source link